बुधवार, 11 फ़रवरी 2009

उत्तराखंड : एक परिचय

उत्तराखण्ड या उत्तराखंड भारत के उत्तर में स्थित एक पहाड़ी राज्य है। २००० और २००६ के बीच यह उत्तरांचल के रूप में जाना जाता था, लेकिन जनवरी २००७ में भारी जनदबाव के बाद इसका नाम बदलकर उत्तराखंड कर दिया गया है। ९ नवंबर २००० को उत्तराखंड भारत गणराज्य के २७ वें राज्य के रूप मे अस्तित्व मे आया। राज्य का निर्माण के पीछे कई सालों आन्दोलन और कई लोगों का बलिदान काम आया।
उत्तराखंड की सीमाऐं उत्तर मे तिब्बत और पूर्व मे नेपाल से मिलती हैं तथा पश्चिम में हिमाचल प्रदेश और दक्षिण मे उत्तर प्रदेश (अपने गठन से पहले यानि कि सन २००० से पहले यह उत्तर प्रदेश का एक हिस्सा था) इसके पडो़सी हैं। पारंपरिक हिंदू ग्रंथों और प्राचीन साहित्य में इस क्षेत्र का उल्लेख उत्तराखंड के रूप में किया गया है। हिन्दी और संस्कृत मे उत्तराखंड का अर्थ उत्तरी क्षेत्र या भाग होता है।
देहरादून उत्तराखंड की अंतिम राजधानी होने के साथ इस क्षेत्र में सबसे बड़ा शहर है। गैरसेण नाम का एक छोटे कस्बे को इसकी भौगोलिक स्थिति को देखते हुए भविष्य की राजधानी के रूप में प्रस्तावित किया गया है। राज्य निर्माण के लिए किए गए आंदोलनों के वक्त से आंदोलनकारियों ने गैरसेण को राज्य की राजधानी के रुप में देखा। लेकिन संसाधनों के अभाव का बहाना बनाकर राजधानी देहरादून बना दी गयी। अभी भी देहरादून अस्थायी राजधानी बनी हुई है। राज्य का उच्च न्यायालय नैनीताल में है।
राज्य में पर्यटन, हस्तशिल्प, हथकरघा और फल उत्पादन आय का मुख्य ज़रिया है। हालांकि राज्य सराकारें राज्य में बनने वाले बांधों को भी आय का मुख्य ज़रिया मानती हैं। लेकिन ये परियोजनाएं शुरू से ही विवादों में रही हैं। भागीरथी-भीलांगना नदी पर बनी टिहरी बांध परियोजना को लेकर विरोध की लंबी कहानी है। हालांकि अब ये बिजली का उत्पादन कर रही है।
कुल मिलाकर ये छोटा सा परिचय है, देश के एक छोटे से राज्य का। क्षेत्रफल में उत्तराखंड छोटा राज्य ज़रुर हो, लेकिन इसकी भौगोलिक स्थिति इसे काफी अहम बनाती है। चीन से सटी हैं, इस राज्य की सीमाएं। सामरिक दृष्टि से अहम राज्य। इसके पहाड़ों से निकले पानी से देश की नदियां कल-कल बहती हैं। यानि पानी का स्रोत है, ये राज्य। पर्यटन का एक ऐसा विस्तृत क्षेत्र अभी भी इस राज्य में अनदेखा बचा है, जिसे दुनिया के सामने बेहतर तरीके से पेश किया जा सकता है। बहुत कुछ है करने के लिए। देखें भविष्य इसे और यहां रहने वाले लोगों को कहां ले जाता है।

1 टिप्पणी:

  1. उत्तराखंड का कुल क्षेत्रफल ५१.१२५ वर्ग किलोमीटर है और जनसंख्या ८,४७९,५६२ है जिसमें ४,३१६,४०१ पुरुष और ४,१६३,१६१ महिलायें हैं.जिलों की संख्या १३ है.

    जवाब देंहटाएं